यूपी -सोनभद्र
दिनांक -16/05/2026
रिपोर्ट – सतीश दुबे / शत्रुघ्न कुमार
*सोनभद्र जिले के बभनी क्षेत्र में 20 घंटे से बिजली न मिलने के कारण सैकड़ों गांवों में पानी और रोशनी का संकट गहरा*

सोनभद्र –
बभनी क्षेत्र में शुक्रवार को आए तेज अंधड़ और हवा ने बिजली व्यवस्था को पूरी तरह चरमरा दिया। पिपरी से आने वाली 33 केवी लाइन पर कई स्थानों पर पेड़ गिरने से खंभे और तार टूट गए। इससे शुक्रवार दोपहर से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। लाइन क्षतिग्रस्त होने से बभनी, नधिरा, बीजपुर और कुंडाडीह सब स्टेशन की सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई है।अवर अभियंता महेश कुमार ने बताया कि 33 केवी लाइन के 8 खंभे गिर गए हैं।
मरम्मत कार्य तेजी से कराया जा रहा है। वहीं म्योरपुर के एसडीओ शिवम गुप्ता ने कहा कि पिपरी से आने वाली लाइन में कई पोल और तार क्षतिग्रस्त हुए हैं। फाल्ट दूर कर जल्द बिजली बहाल करने का प्रयास किया जा रहा हैइधर भीषण गर्मी, हीटवेव और उमस के बीच बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। करीब 20 घंटे से बिजली न मिलने के कारण सैकड़ों गांवों में पानी और रोशनी का संकट गहरा गया है। बभनी, चपकी, घघरा, भंवर, बचरा, पोखरा और चैनपुर समेत कई गांवों के लोग अंधेरे में रात गुजारने को मजबूर हैं।ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बिजली कटौती और फाल्ट की समस्या अब रोजमर्रा की बात बन गई है। शादी-ब्याह और अन्य कार्यक्रमों में पानी की भारी किल्लत हो रही है। लोग कामकाज से घर लौटने के बाद अंधेरे में भोजन बनाने को मजबूर हैं, जबकि बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।ग्रामीण सुनील, प्रदीप कुमार, अनिल कुमार गुप्ता, पवन कुमार, अशोक कुमार, सोनू, छोटेलाल और श्यामजी ने बताया कि बिजली न रहने से घरेलू कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है। छोटे कारोबार भी प्रभावित हो रहे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों और बुजुर्गों को झेलनी पड़ रही है, जिन्हें भीषण गर्मी में बिना बिजली के रहना पड़ रहा है।
News point 24×7
News Point 24×7