यूपी -सोनभद्र
दिनांक 23/08/2026
रिपोर्ट -सतीश दुबे


सोनभद्र। शक्तिनगर थाना क्षेत्र की बीना पुलिस चौकी अंतर्गत स्टेडियम मोड़ के समीप रविवार तड़के मुख्य हाईवे के किनारे एक व्यक्ति के घायल अवस्था में पड़े मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने 112 एंबुलेंस की मदद से घायल व्यक्ति को डिबुलगंज संयुक्त अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान बीना आवासीय परिसर के बी-264 निवासी करीब 40 वर्षीय रमाशंकर मिश्रा पुत्र रामयश मिश्रा के रूप में हुई है। रमाशंकर मिश्रा एनसीएल बीना परियोजना में ओवरमैन के पद पर कार्यरत थे।
ड्यूटी से करीब एक घंटे पहले सड़क किनारे मिले
जानकारी के अनुसार रमाशंकर मिश्रा की रविवार को प्रथम पाली में सुबह 5 बजे से ड्यूटी थी। बताया जा रहा है कि ड्यूटी शुरू होने से करीब एक घंटे पहले, लगभग 3:45 बजे, स्टेडियम मोड़ के पास सड़क किनारे वह घायल अवस्था में मिले। वह ड्यूटी की वर्दी में थे।
घटनास्थल से कुछ दूरी पर उनकी बाइक भी पड़ी मिली, जबकि उनके सिर पर चोट के निशान बताए जा रहे हैं। ऐसे में सड़क किनारे उनका घायल अवस्था में मिलना और कुछ ही देर बाद मौत हो जाना कई सवाल खड़े कर रहा है।
पुलिस ने अस्पताल भेजा, चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
घटना की सूचना मिलने पर बीना चौकी प्रभारी अजय कुमार श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल 112 एंबुलेंस की सहायता से रमाशंकर मिश्रा को डिबुलगंज संयुक्त अस्पताल भिजवाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास की परिस्थितियों और बाइक के संबंध में भी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
पत्नी और दो बेटियों पर टूटा दुखों का पहाड़
रमाशंकर मिश्रा मूल रूप से बेलता बड़गांव, रीवा (मध्य प्रदेश) के निवासी बताए गए हैं। उनके परिवार में पत्नी के अलावा दो छोटी बेटियां हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।
मृतक की पत्नी के अनुसार उन्हें यह जानकारी नहीं है कि रमाशंकर मिश्रा रात में घर से ड्यूटी के लिए कितने बजे निकले थे। ऐसे में ड्यूटी स्थल से करीब एक घंटे पहले उनका स्टेडियम मोड़ के पास घायल अवस्था में मिलना पुलिस जांच के लिए अहम बिंदु माना जा रहा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
फिलहाल रमाशंकर मिश्रा की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। सिर पर चोट के निशान, घटनास्थल से कुछ दूरी पर बाइक का मिलना और ड्यूटी से पहले सड़क किनारे उनका घायल अवस्था में पाया जाना—इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस घटनास्थल, बाइक और आसपास की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
News Point 24×7

News Point 24×7