यूपी -सोनभद्र
दिनांक 27/5/2026
रिपोर्ट -सतीश दुबे -शत्रुघ्न कुमार

31 संवेदनशील स्थानों पर लगाए गए चेतावनी पोस्टर एवं बैनर
सोनभद्र। सोनभद्र पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में सोनभद्र में आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया गया। जिसके अंतर्गत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में नदी, बाँध, तालाब एवं अन्य जलाशयों के आसपास लोगों को सतर्क एवं जागरूक करने हेतु व्यापक स्तर पर कार्यवाही की गई। संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर ऐसे स्थानों को चिन्हित किया गया, जहाँ पूर्व में डूबने अथवा पानी से संबंधित दुर्घटनाएं अधिक घटित होती रही हैं। संबंधित थाना पुलिस द्वारा इन स्थानों पर आमजन को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक किया गया।
ऐसे 30 स्थानों पर चेतावनी पोस्टर लगाए गए। सोनभद्र में कुल 31 संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी संबंधी पोस्टर एवं बैनर लगाए गए। इन पोस्टरों के माध्यम से लोगों को गहरे पानी में न जाने, बच्चों को अकेले जलाशयों के पास न छोड़ने तथा नदी एवं बाँधों में नहाते समय विशेष सावधानी बरतने के संबंध में जागरूक किया गया।
पुलिस टीमों द्वारा स्थानीय ग्रामीणों, युवाओं एवं आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर बताया गया कि थोड़ी सी असावधानी भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। विशेष रूप से गर्मी एवं बरसात के मौसम में जलस्तर बढ़ने तथा पानी की गहराई का सही अनुमान न होने के कारण दुर्घटनाओं की संभावना अधिक रहती है। किसी भी प्रकार की आपात स्थिति अथवा दुर्घटना होने पर तत्काल स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन को सूचना दें, जिससे समय रहते राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।
सोनभद्र पुलिस जनपदवासियों की सुरक्षा एवं जनहित से जुड़े विषयों पर लगातार प्रभावी कार्यवाही एवं जागरूकता अभियान संचालित कर रही है। आमजन से अपील है कि सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा स्वयं सुरक्षित रहते हुए दूसरों को भी जागरूक करें, जिससे किसी भी अप्रिय घटना से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।
News Point 24×7…✍🏻
News Point 24×7