यूपी -सोनभद्र
दिनांक -5/7/2026
रिपोर्ट – सतीश दुबे -शत्रुघ्न कुमार

रोजगार को मिलेगा नया आयाम
सरदार वल्लभभाई पटेल रोजगार एवं औद्योगिक क्षेत्र बनेगा

रोजगार हेतु जिले के युवाओं का पलायन रोकने के उद्देश्य से योगी सरकार की अनूठी पहल
हर तरह की हाइटेक सुविधाएं क्षेत्र में उपलब्ध होंगी
प्रशिक्षण, रोजगार एवं स्वरोजगार एक मंच पर युवाओं को मिलेगा

गुरमा मोड़ से औद्योगिक क्षेत्र तक 16 करोड़ की लागत से सड़क बनेगी
सोनभद्र। सोनभद्र देश में सर्वाधिक विधुत उत्पादन करने वाला जिला है जो अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में औद्योगिक विकास की ओर तेजी से बढ़ रहा है। सरकार के विकासवादी सोच से जिले में बड़ी परियोजनाएं लगातार धरातल पर उतर रही है, जिनमें हजारों युवाओं को रोजगार प्राप्त हुआ है। इसी कड़ी में युवाओं को विश्वस्तरीय कौशल विकास प्रशिक्षण रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से योगी सरकार सरदार वल्लभभाई पटेल रोजगार एवं औद्योगिक क्षेत्र विकसित करेगी। जिला प्रशासन ने 50 एकड़ में विकसित होने वाले इस अत्याधुनिक औद्योगिक क्षेत्र के लिए भूमि का चयन कर प्रस्ताव शासन को भेजा है। औद्योगिक क्षेत्र विकसित होने के बाद युवाओं के लिए रोजगार के भरपूर अवसर उपलब्ध होंगे और उन्हें रोजगार के लिए पलायन नहीं करना पड़ेगा साथ ही सोनभद्र की औद्योगिक पहचान को नई दिशा मिलेगी। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया युवाओं को प्रशिक्षण, रोजगार व स्वरोजगार एक ही मंच पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मारकुंडी में 50 एकड़ भूमि पर सरकार वल्लभभाई पटेल रोजगार एवं औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा। शासन के निर्देश पर भूमि का चयन कर प्रस्ताव भेजा गया है। मंजूरी मिलते ही युद्ध स्तर पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस अत्याधुनिक औद्योगिक क्षेत्र में स्किल डेवलपमेंट सेंटर, औद्योगिक इकाइयां व उत्पादों के आउटलेट के निर्माण के साथ पर्यावरण का विशेष ध्यान रखते हुए हरित आवरण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया यहां युवाओं को आईटी,एआई, रोबोटिक, मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स , ऑटोमोबाइल, ऊर्जा, लाजिस्टिक्स, हास्पिटैलिटी सहित आधुनिक क्षेत्रो में उद्योगो की आवश्यकता के अनुरूप प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके उपरांत युवाओं को औद्योगिक क्षेत्र में ही रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि इस परियोजना से स्थानीय एम एस एम ई, स्टार्टअप एवं नये उद्योगो को बढ़ावा मिलेगा जिससे जिले में निवेश, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि होगी। जिलाधिकारी ने बताया इस औद्योगिक क्षेत्र को प्लग- एंड- प्ले इंफ्रास्ट्रक्चर नीति के तहत विकसित किया जाएगा। यहां बिजली उत्पादन, पानी,सड़क, सीवरेज और इंटरनेट जैसी सभी बुनियादी सुविधाओं के साथ – साथ उद्योगो को तेजी से स्थापित करने के लिए सभी जरुरी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उद्यमियों के लिए तैयार फैक्ट्री शेड्स उपलब्ध जिससे वे अपनी मशीनें लगाकर तुरंत उत्पादन शुरू कर सके। यह परियोजना सोनभद्र को पूर्वांचल एवं विंध्य क्षेत्र के प्रमुख औद्योगिक,कौशल विकास एवं रोजगार केंद्र के रुप में स्थापित करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम सिद्ध होगा। औद्योगिक क्षेत्र के विकास के साथ ही उद्योगो के लिए सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए गुरमा मोड़ से औद्योगिक क्षेत्र के बीच 15.99 करोड़ रुपये की लागत से सड़क का निर्माण कराया जाएगा। जिससे उद्योगो को समय पर कच्चा माल और तैयार माल की डिलिवरी में आसानी होगी इससे ट्रांसपोर्ट लागत घटेगी उद्योगो की प्रतिस्पर्धा क्षमता बढ़ेगी।
News Point 24×7
News Point 24×7