यूपी -सोनभद्र
दिनांक 28/5/2026
रिपोर्ट -सतीश दुबे -शत्रुघ्न कुमार

सोनभद्र। पिपरी थाना अंतर्गत आवेदक पवन कुमार पुत्र स्व. कमाल धरिकार निवासी मलीन बस्ती वार्ड नं. 1 तुर्रा थाना पिपरी जनपद सोनभद्र द्वारा दिनांक 21.5.2026 को पिपरी थाने पर सूचना दिया कि उनकी पत्नी बच्चों सहित बिना बताए घर से कहीं चली गई है, जिसके सम्बन्ध में थाना पिपरी पर गुमशुदगी दर्ज की गई थी। पिपरी पुलिस द्वारा कार्यवाही करते हुए दिनांक 23.5.2026 को आवेदक की पत्नी एवं बच्चों को सकुशल बरामद किया। घर वापस आने पर आवेदक की पत्नी द्वारा बताया गया कि उसे तथा उसके बच्चों को कामेश्वर बैठा निवासी रेनुकूट एवं बाबा जी नामक व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर अलीगढ़ ले जाया गया था, जहां उसकी नाबालिग पुत्री उम्र करीब 13 वर्ष का विवाह लोकेश नामक व्यक्ति से करा दिया । अलीगढ़ में उन्हें डरा-धमकाकर रखा गया तथा किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। अवसर मिलने पर पीड़िता द्वारा लोकेश के मोबाइल नम्बर से अपने पति को सूचना दी गई, जिसके आधार पर पुलिस टीम द्वारा उन्हें सकुशल बरामद किया गया। उक्त सूचना के आधार पर पुलिस ने धारा 61(2), 87, 137(2), 351(3) बीएनएस बनाम 01. कामेश्वर बैठा पुत्र अज्ञात निवासी रेनुकुट थाना पिपरी जनपद सोनभद्र व बाबा जी पुत्र अज्ञात निवासी अज्ञात, लोकेश पुत्र अज्ञात निवासी अज्ञात के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान प्रकरण में धारा 64(2)(ड), 65(1) बीएनएस, 5(L)/6 पॉक्सो एक्ट तथा 9/10 बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम की बढ़ोत्तरी की गई।
पिपरी पुलिस द्वारा प्रभावी कार्यवाही करते हुए मुखबिर की सूचना पर दिनांक 28.5.2026 मामले से सम्बन्धित 2 अभियुक्तों को 9 बजकर 45 मिनट के करीब नौकुटिया मोड़ के पास से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय भेजा गया।
लोकेश कुमार उर्फ मुच्ची शर्मा पुत्र बृजेश उर्फ विजुआ शर्मा निवासी ग्राम ख्यामई चौकी बीरपुरा थाना गभाना जिला अलीगढ़ उम्र करीब 19 वर्ष, कामेश्वर बैठा पुत्र स्व.भुलन बैठा निवासी ग्राम सहिजना सहर पोस्ट कल्याणपुर थाना गढ़वा जिला गढ़वा, झारखण्ड, हाल पता रेलवे कालोनी आरपीएफ के पीछे मलिन बस्ती तुर्रा थाना पिपरी जनपद सोनभद्र, उम्र करीब 59 वर्ष। पुलिस अनुसार अभियुक्तों से पूछताछ करने पर यह तथ्य प्रकाश में आया कि अभियुक्त आर्थिक लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से पश्चिमी जनपदों के व्यक्तियों से संपर्क स्थापित करते थे तथा उनसे मोटी रकम लेकर अपने क्षेत्र की गरीब एवं नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाते थे। इसके उपरांत लड़कियों को उनके परिजनों से दूर अन्य जनपदों में ले जाकर बहकावे में रखकर विवाह कराया जाता था।
News Point 24×7…✍🏻
News Point 24×7