यूपी -सोनभद्र
दिनांक -12/7/2026
रिपोर्ट -सतीश दुबे – शत्रुघन कुमार

नाबालिग बालिका को कई राज्यों में बेचकर जबरन विवाह कराने वाले संगठित मानव तस्करी गिरोह के दो प्रमुख सदस्य दबोचे गए

सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में मानव तस्करी, महिला एवं बाल अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में एएसपी मुख्यालय अनिल कुमार के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के निर्देशन में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (AHT) सोनभद्र एवं थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने मानव तस्करी के संगठित गिरोह के दो मानव तस्करों को जिनपर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था को मुखबिर की सूचना पर छपका पावर हाउस के पीछे स्थित एक मकान में दबिश देकर गिरफ्तार किया गया। वादी की तहरीर के आधार पर थाना रॉबर्ट्सगंज पर धारा 137(2), 143(4), 61(2) सहपठित धारा 64(2)(एम), 98 भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं धारा 16/17 पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर विवेचना प्रारम्भ की गई।
विवेचना के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि अभियुक्त एक संगठित मानव तस्करी गिरोह के सदस्य हैं, जो नाबालिग बालिकाओं को बहला-फुसलाकर घर से ले जाकर विभिन्न राज्यों में धनराशि लेकर जबरन विवाह कराने एवं बेचने का कार्य करते थे। पीड़िता को उसकी इच्छा के विरुद्ध उत्तर प्रदेश से अन्य राज्यों में ले जाकर कई बार अलग-अलग व्यक्तियों के साथ जबरन विवाह कराया गया तथा प्रत्येक बार प्राप्त धनराशि गिरोह के सदस्यों द्वारा आपस में बांट ली गई। पुलिस अनुसार गिरोह के सदस्य दलालों, वाहन चालकों एवं स्थानीय सहयोगियों के माध्यम से पीड़िताओं को एक राज्य से दूसरे राज्य तक पहुंचाते थे तथा मानव तस्करी के इस अवैध कारोबार से आर्थिक लाभ अर्जित करते थे। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए दोनों मुख्य अभियुक्तों पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 25- 25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था। रविवार को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (AHT) एवं थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस की संयुक्त टीम को मुखबिर की सूचना पर छपका पावर हाउस के पीछे स्थित एक मकान पर दबिश देकर 25- 25 हजार के दो घोषित इनामिया एवं वांछित अभियुक्त सुनील दास एवं रानू बेगम को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अनुसार पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर नाबालिग बालिकाओं की खरीद-फरोख्त एवं जबरन विवाह कराने के संगठित मानव तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हैं। अभियुक्तों के कब्जे से घटना से संबंधित मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी डिजिटल जांच कर गिरोह के अन्य सदस्यों, आर्थिक लेन-देन एवं अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी प्राप्त की जा रही है।
अभियुक्त सुनील दास पुत्र स्व. देवरंजन दास, निवासी 17/171, मित्तल नगर, ओबरा, थाना ओबरा, जनपद सोनभद्र, वर्तमान पता- छपका पावर हाउस के पीछे, थाना रॉबर्ट्सगंज, जनपद सोनभद्र। 25,000 का इनाम घोषित,
व रानू बेगम पत्नी राजू, निवासी हर्ष नगर, वार्ड नं. 18, थाना रॉबर्ट्सगंज, जनपद सोनभद्र, वर्तमान पता- कांशीराम आवास, थाना रॉबर्ट्सगंज, जनपद सोनभद्र पर 25,000 का इनाम घोषित था।
News Point24x7
News Point 24×7