यूपी -सोनभद्र
दिनांक -04/11/2026
रिपोर्ट -सतीश दुबे

म्योरपुर / सोनभद्र।सोनभद्र जिले के दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के झारोखुर्द गांव में बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। विद्युत उपकेंद्र से लगभग 200 मीटर की दूरी पर बालू लदे टीपर, आटा लदे मिनी ट्रक और बोलेरो की जोरदार भिड़ंत में मिनी ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बालू लदा तेज रफ्तार टीपर संख्या UP64 BT 1358 टर्निंग के पास सामने से आ रहे आटा लदे मिनी ट्रक से जोरदार टकरा गया। टक्कर के बाद टीपर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया और पीछे से आ रही बोलेरो भी उसकी चपेट में आ गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।इस हादसे में मिनी ट्रक चालक राजकुमार (32 वर्ष), निवासी बैढ़न, सिंगरौली की मौके पर ही मौत हो गई। मिनी ट्रक में सवार उनके सहयोगी ठाकुर प्रसाद केशरी (40 वर्ष), पुत्र गोविंद प्रसाद, निवासी पोथीपाथर, बीजपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं टीपर चालक प्रदीप कुमार, निवासी डाला, सोनभद्र को भी गंभीर चोटें आईं।बोलेरो चालक दौलत मौर्य (45 वर्ष), पुत्र रामजग, निवासी मानपुर, रामगढ़ को हल्की चोटें आईं, जबकि बोलेरो में सवार सोनू अहमद, निवासी पिपरी, रामगढ़, रॉबर्ट्सगंज भी घायल हो गए।घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया गया। वहीं मिनी ट्रक में फंसे मृत चालक के शव को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।भीषण हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला। प्रत्यक्षदर्शियों और बोलेरो चालक के अनुसार, बालू लदा टीपर काफी तेज रफ्तार में था। टर्निंग के पास सामने से आ रहे मिनी ट्रक को टक्कर मारने के बाद वह बोलेरो से भी जा भिड़ा।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में बालू लदे टीपर और अन्य भारी वाहन तेज रफ्तार से संचालित हो रहे हैं, लेकिन उनकी गति और संचालन पर प्रभावी नियंत्रण नहीं है। इसके चलते सड़क पर चलने वाले आम राहगीरों और वाहन चालकों की जान हमेशा जोखिम में बनी रहती है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों से बालू लदे वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाने, परमिट और आवश्यक कागजात की जांच कराने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
News Point 24×7

News Point 24×7