यूपी – सोनभद्र
दिनांक – 10 अगस्त 2026
रिपोर्ट – सतीश दुबे / शत्रुघ्न कुमार
यूपी /सोनभद्र में एक बड़ा हादसा उस वक्त टल गया, जब स्कूली बच्चों को लेकर जा रही बस का अचानक ब्रेक फेल हो गया। मामला राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र की मारकुंडी घाटी का है।
बताया जा रहा है कि छुट्टी के बाद स्कूली बस बच्चों को उनके घर छोड़ने के लिए जा रही थी। इसी दौरान घाटी में अचानक बस के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। हालात बिगड़ते देख बस चालक ने सूझबूझ और हिम्मत का परिचय दिया और बस को घाटी में मौजूद चट्टान की ओर मोड़कर टकरा दिया।
चालक की इस सूझबूझ से बस को नियंत्रित किया जा सका और बड़ा हादसा होने से बच गया। बस में सवार सभी स्कूली बच्चों के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है।मारकुंडी घाटी जैसी खतरनाक ढलान पर स्कूली बस का ब्रेक फेल होना कई सवाल खड़े करता है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर बस का ब्रेक फेल कैसे हुआ?
क्या बस को सड़क पर उतारने से पहले उसके ब्रेक और अन्य तकनीकी मानकों की जांच की गई थी? क्या बस निर्धारित फिटनेस मानकों पर खरी उतरती थी? और अगर बस में कोई तकनीकी कमी थी, तो उसे बच्चों के परिवहन में कैसे लगाया गया?
हालांकि इन सभी सवालों का जवाब जांच के बाद ही सामने आएगा, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर स्कूली बच्चों की सुरक्षा और पुरानी बसों के संचालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल राहत की बात यह है कि चालक की सूझबूझ से बस में सवार बच्चों की जान बच गई। लेकिन यह घटना परिवहन विभाग और स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी पर भी सवाल खड़े करती है।
अब जरूरत है कि स्कूली बच्चों के परिवहन में लगी बसों की फिटनेस, ब्रेक सिस्टम और सुरक्षा मानकों की गंभीरता से जांच की जाए, ताकि किसी बड़े हादसे का इंतजार न करना पड़े।
News Point 24×7

News Point 24×7