यूपी -सोनभद्र
दिनांक -18/10/2026
रिपोर्ट -सतीश दुबे -शत्रुघ्न कुमार

साइबर व महिला हेल्पलाइन नंबर कि जानकारी दी गई

सोनभद्र। सोनभद्र में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज- 6 अभियान के तहत रविवार को सोनभद्र में जनजातीय महिलाओं (ट्राइबल महिलाओं) के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिलाओं को पुलिस अधीक्षक कार्यालय और पुलिस लाइन का भ्रमण कराया गया। मुख्य उद्देश्य कोन, विण्ढमगंज और हाथीनाला क्षेत्र से आई जनजातीय महिलाओ को पुलिस की कार्यप्रणाली से रूबरू कराना और उनके मन में पुलिस को लेकर जो डर और झिझक होती है उसे खत्म करना था। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल और अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक ने किया। रविवार सुबह जब महिलाएं पुलिस कार्यालय पहुंचीं तो पहले वो थोड़ी सहमी लग रही थीं, लेकिन महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें साथ लेकर एक-एक शाखा का भ्रमण कराया इस दौरान महिला सेल प्रभारी उप निरीक्षक कृष्णशंकर सिंह, उप निरीक्षक राकेश सिंह, हेड कांस्टेबल अलख कुमार सिंह, महिला आरक्षी नम्रता उत्तम, रिया यादव और सृष्टि गुप्ता की टीम महिलाओं के साथ रही। सबसे पहले महिलाओं को जनसुनवाई शाखा ले जाया गया, जहां उनको बताया गया कि आम आदमी की शिकायत कैसे सुनी जाती है, शिकायत कहां दर्ज होती है और उस पर क्या कार्रवाई होती है। इसके बाद उनको यूपी-112 शाखा में ले जाया गया, जहां उनको लाइव करके दिखाया गया कि 112 पर फोन करने के बाद किस तरह से पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंचती है और फोन करने वाले को क्या जानकारी देनी चाहिए। रेडियो शाखा में महिलाओं को बताया गया कि पुलिस आपस में वायरलेस से कैसे संपर्क करती है, वहीं मीडिया सेल में उनको समझाया गया कि पुलिस की सूचना आम लोगों तक कैसे पहुंचती है और फर्जी खबरों से कैसे बचना चाहिए। इसके बाद महिलाओं को पुलिस लाइन का भी भ्रमण कराया गया, जहां उन्होंने पुलिस की दिनचर्या और कार्यप्रणाली को करीब से देखा। महिलाओं को भ्रमण के दौरान महिला सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों की भी जानकारी दी गई। उनको बताया गया कि अगर कोई छेड़छाड़ करे या परेशान करे तो 1090 वूमेन पावर लाइन पर फोन करें, अगर तुरंत पुलिस की जरूरत हो तो 112 पर फोन करें, महिला हेल्पलाइन के लिए 181, बच्चे से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन और अगर कोई ऑनलाइन ठगी या साइबर अपराध हो तो 1930 पर शिकायत करें।अधिकारियों ने महिलाओं से कहा कि किसी भी तरह के उत्पीड़न या आपात स्थिति में बिना डरे और बिना संकोच के पुलिस से संपर्क करें, उनकी पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। इस दौरान कई महिलाओं ने कहा कि पहले उनको थाने जाने में डर लगता था, उनको लगता था कि थाने में डांट पड़ेगी, लेकिन आज कार्यालय देखने के बाद उनका डर खत्म हो गया है और अब वो अपने गांव की दूसरी महिलाओं को भी जागरूक करेंगी। अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति का असली उद्देश्य यही है कि ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्र की महिला अपने अधिकारों को जाने और जरूरत पड़ने पर खुद आगे आकर शिकायत कर सके। सोनभद्र पुलिस की ओर से बताया गया कि मिशन शक्ति फेज- 6 के तहत जिले में लगातार इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और आने वाले दिनों में स्कूलों, कॉलेजों और आदिवासी बस्तियों में भी ऐसे कार्यक्रम किए जाएंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी महिलाओं को जलपान कराकर सम्मान सहित भेजा गया।
News Point 24×7
News Point 24×7