यूपी -सोनभद्र
दिनांक – 25/09/2026
रिपोर्ट – सतीश दुबे / शत्रुघ्न कुमार

सोनभद्र | सोनभद्र पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर सेवानिवृत्त अधिकारी से करीब 2 करोड़ 36 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने हायर ज्यूडिशियरी और शासन के अधिकारियों का भय दिखाकर सेवानिवृत्त अधिकारी को डिजिटल अरेस्ट किया और अलग-अलग बैंक खातों में करीब 2 करोड़ 36 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए।
मामले की जानकारी उस समय सामने आई जब 22 सितंबर 2026 को एसबीआई के शाखा प्रबंधक ने साइबर क्राइम थाना सोनभद्र को सूचना दी कि एक सेवानिवृत्त व्यक्ति लगातार किसी व्यक्ति के बताए खातों में बड़ी रकम ट्रांसफर कर रहा है।
सूचना मिलते ही साइबर थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने संबंधित बैंक अधिकारियों से संपर्क कर बैंक खातों पर रोक लगवाई और ठगी की रकम में से 75 लाख रुपये होल्ड/फ्रीज कराने में सफलता हासिल की।
जांच के दौरान इलेक्ट्रॉनिक एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने प्रयागराज के ओमेक्स अपार्टमेंट से मुख्य आरोपी अरुण कुमार दूबे को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि आरोपी एआई तकनीक का दुरुपयोग कर डीपफेक इमेज और फर्जी दस्तावेज तैयार कर ब्लैकमेलिंग और एक्सटॉर्शन करता था।
मुख्य आरोपी की निशानदेही पर ठगी की रकम से खरीदी गई टाटा हैरियर कार, 2 लाख 10 हजार रुपये नकद, पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन और इलाहाबाद हाईकोर्ट अधिवक्ता का फर्जी आईडी कार्ड बरामद किया गया है।
पुलिस ने मामले में सहयोग करने वाली दो महिलाओं प्रियंका मिश्रा और तेजल को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है और साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों तथा धनराशि के लेन-देन की भी पड़ताल की जा रही है।
बाइट -( अभिषेक वर्मा एसपी सोनभद्र)
News Point 24×7
News Point 24×7