यूपी – सोनभद्र
दिनांक – 08 अगस्त 2026
रिपोर्ट – सतीश दुबे / शत्रुघ्न कुमार

सोनभद्र /सोनभद्र में अपराध और गौ-तस्करी के खिलाफ पुलिस के अभियान को बड़ी सफलता मिली है। थाना रायपुर पुलिस और रामपुर बरकोनिया पुलिस की संयुक्त टीम ने पूर्व में हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामिया आरोपी को प्रयागराज से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ सोनभद्र के रायपुर थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज था और घटना के बाद से ही वह लगातार फरार चल रहा था।पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में वांछित एवं पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल और क्षेत्राधिकारी सदर सुधीर कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में रायपुर पुलिस को यह सफलता मिली।
पुलिस के मुताबिक, 18 जून 2026 को थाना रायपुर में मुकदमा संख्या 89/2026 दर्ज किया गया था। मामले में धारा 109 बीएनएस, 3/25 आर्म्स एक्ट और गोवध निवारण अधिनियम की धाराएं लगाई गई थीं।
इस मामले में वांछित आरोपी करियवा यादव उर्फ राजबहादुर, निवासी गेरुआडीह, थाना मांडा, जनपद प्रयागराज, घटना के बाद से फरार चल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक सोनभद्र की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
रायपुर और रामपुर बरकोनिया पुलिस की संयुक्त टीम ने लगातार सुरागरसी और प्रयास के बाद 8 अगस्त की रात करीब 12 बजकर 50 मिनट पर आरोपी को उसके घर के पास ग्राम गेरुआडीह से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान करियवा यादव उर्फ राजबहादुर पुत्र स्वर्गीय जगी नारायण के रूप में हुई है। पुलिस टीम आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।इस कार्रवाई में रायपुर थाना प्रभारी विजय कुमार चौरसिया, रामपुर बरकोनिया थानाध्यक्ष राम सिंहासन शर्मा समेत दोनों थानों की पुलिस टीम शामिल रही फिलहाल पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामिया आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
News Point 24×7

News Point 24×7