मध्य-प्रदेश -सिंगरौली
दिनांक -06-08-2026
रिपोर्ट – सतीश दूबे /शत्रुधन कुमार


सिंगरौली। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सिंगरौली यातायात पुलिस द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक श्री षियाज़ के.एम. (भा.पु.से.) के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा एवं नगर पुलिस अधीक्षक हेमंत कुमार के मार्गदर्शन में 5-6 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि को शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर औचक चेकिंग अभियान चलाया गया।
विशेष अभियान के दौरान 7 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़े गए। सभी का ब्रेथ एनालाइजर/मेडिकल परीक्षण कर मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही सभी आरोपित चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन के लिए संबंधित परिवहन विभाग को प्रकरण भेजे जाएंगे।
यातायात पुलिस के अनुसार जनवरी से जुलाई 2026 के बीच जिले में 120 से अधिक शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों पर कार्रवाई की जा चुकी है। इन मामलों में माननीय न्यायालय द्वारा ₹13.50 लाख से अधिक का जुर्माना भी अधिरोपित किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शराब के नशे में वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है, जिससे चालक के साथ-साथ अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ जाती है। इसलिए आम नागरिकों से अपील की गई है कि शराब का सेवन करने के बाद किसी भी परिस्थिति में वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें।
News Point 24×7

News Point 24×7