यूपी -सोनभद्र
दिनांक -1/8/2026
रिपोर्ट -सतीश दुबे -शत्रुघ्न कुमार

घंटों कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू अभियान सफल हुआ

सोनभद्र । सोनभद्र में अनपरा नगर पंचायत के आदर्श नगर अनपरा के वार्ड संख्या 13 स्थित लक्ष्मण नगर में एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब एक निराश्रित गाय सड़क किनारे बने खुले चेम्बर में गिर गई। गाय के गिरते ही वह बाहर निकलने के लिए काफी देर तक छटपटाती रही। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी रेनुसागर फायर स्टेशन को दी।
सूचना मिलते ही रेनुसागर फायर स्टेशन की टीम तत्काल आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची।फायरकर्मियों ने पहले चेम्बर की स्थिति का जायजा लिया और फिर सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया। संकरी जगह और गहराई अधिक होने के कारण गाय को बाहर निकालना आसान नहीं था। काफी देर तक चले प्रयास के बाद नगर पंचायत के सफाईकर्मियों एवं फायर टीम ने रस्सियों और अन्य उपकरणों की मदद से गाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के दौरान काफी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। गाय के सुरक्षित बाहर निकलते ही लोगों ने राहत की सांस ली और फायर टीम के त्वरित एवं साहसिक कार्य की सराहना की।स्थानीय नागरिकों ने कहा कि यदि समय रहते फायर टीम नहीं पहुंचती तो गाय की जान भी जा सकती थी।
घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने नगर पंचायत से खुले पड़े चेम्बरों को तत्काल ढकवाने की मांग की।लोगों का कहना है कि खुले चेम्बर राहगीरों, बच्चों और मवेशियों के लिए लगातार खतरा बने हुए हैं। समय रहते इन्हें सुरक्षित नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। वहीं नगर पंचायत सफ़ाईकर्मियों और रेनुसागर फायर टीम की तत्परता और कुशल रेस्क्यू अभियान की पूरे क्षेत्र में प्रशंसा हो रही है।
News Point 24×7

News Point 24×7