यूपी -सोनभद्र
दिनांक -1/10/2026
रिपोर्ट -सतीश दुबे -शत्रुघ्न कुमार


मध्यप्रदेश। सिंगरौली जिले की बैढ़न पुलिस ने अवैध कबाड़ के कारोबार पर कार्रवाई करते हुए लोहे के कबाड़ से भरे एक पिकअप को जप्त किया है। पिकअप और कबाड़ मिलाकर करीब साढ़े चार लाख की सामग्री जप्त की गई है। मौके से एक अभियुक्त को पकड़ा गया है, जबकि चालक फरार हो गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध कबाड़, कोयला और डीजल के कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत बैढ़न थाना प्रभारी अभिमन्यु द्विवेदी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना मिली थी कि पचौर में पुलिस लाइन के आगे सड़क किनारे एक मकान से पिकअप में लोहे का कबाड़ लोड किया जा रहा है। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की।
मौके पर पिकअप क्रमांक MP 66 ZC 9165 खड़ी मिली। पुलिस को देखकर चालक भाग गया, लेकिन बगल में बैठे व्यक्ति को पकड़ लिया गया। पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम अर्जुन मिश्रा निवासी गनियारी बताया।
पिकअप की तलाशी में लोहे के एंगल, रेलवे पटरी के टुकड़े, गैस कटर के सिलेंडर और बड़ी मात्रा में स्क्रैप मिला। मकान के अंदर भी काफी मात्रा में लोहा रखा मिला था। आरोपी से कागजात मांगे गए तो वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाया। पुलिस अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कबाड़ बलियरी निवासी करीमुल्ला का है और भागा हुआ चालक सिंगरौलिया निवासी अजीत साहू है।
पुलिस ने कबाड़ को धर्मकांटे पर तौल कराया तो वजन 52 क्विंटल 90 किलो निकला। इसकी कीमत करीब दो लाख आंकी गई है। पिकअप की कीमत करीब ढाई लाख बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक और कबाड़ मालिक की तलाश की जा रही है। कार्रवाई में थाना बैढ़न के निरीक्षक, सूबेदार और आरक्षकों की टीम शामिल रही।
News Point 24×7

News Point 24×7