यूपी -सोनभद्र
दिनांक -17/10/2026
रिपोर्ट -सतीश दुबे -शत्रुघ्न कुमार

सोनभद्र। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने धंधरौल बांध का स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने विसर्जन स्थल पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, जरूरी प्रबंध और कानून व्यवस्था की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को भी मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने खास तौर पर इस बात पर जोर दिया कि विसर्जन के दिन वहां भारी भीड़ रहेगी, इसलिए भीड़ प्रबंधन सबसे बड़ी चुनौती होगी। जिलाधिकारी ने कहा कि विसर्जन स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग व रास्तों का सही प्रबंध हो।
इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को भी दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए ताकि विसर्जन जुलूस के दौरान किसी तरह का जाम या अव्यवस्था न फैले। पुलिस अधीक्षक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि विसर्जन के दौरान सुरक्षा के सभी उपाय पहले से सुनिश्चित कर लिए जाएं। गोताखोर, नाव, लाइट और स्वास्थ्य विभाग की टीम की व्यवस्था भी पहले से कर ली जाए ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। दोनों अधिकारियों ने कहा कि विसर्जन सौहार्दपूर्ण माहौल में होना चाहिए और इसके लिए पुलिस और प्रशासन की टीमें आपस में तालमेल बनाकर काम करें। धंधरौल बांध पर हर साल बड़ी संख्या में लोग प्रतिमा विसर्जन के लिए पहुंचते हैं, इसलिए इस बार प्रशासन कोई भी कमी नहीं छोड़ना चाहता। निरीक्षण के बाद संबंधित विभागों को अपनी-अपनी जिम्मेदारी समय से पूरी करने को कहा गया है। प्रशासन का कहना है कि विसर्जन के दौरान शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तैयारी की जा रही है।
News Point 24×7
News Point 24×7