मध्य-प्रदेश
दिनांक – 06/08/2026
रिपोर्ट – सतीश दूबे /शत्रुधन कुमार


सिंगरौली। विद्यार्थियों में कानून के प्रति जागरूकता, सुरक्षा-बोध और जिम्मेदार नागरिकता विकसित करने के उद्देश्य से सिंगरौली पुलिस द्वारा सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, हिर्रवाह में “सृजन संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री षियाज़ के.एम. ने कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों से सीधा संवाद करते हुए उन्हें सुरक्षित, अनुशासित और जिम्मेदार जीवन जीने का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत एसडीओपी देवसर श्रीमती गायत्री तिवारी के स्वागत उद्बोधन से हुई। उन्होंने बताया कि “सृजन संवाद” अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को संविधान, कानून, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, महिला एवं बाल संरक्षण तथा नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनाना है।संवाद के दौरान पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों से सवाल पूछा— “स्मार्ट व्यक्ति कौन होता है?” विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक उत्तर दिया— “आप।” इस पर उन्होंने कहा कि वास्तव में स्मार्ट वही है जो अपनी बुद्धि और विवेक का सही उपयोग करे, नशे से दूर रहे, साइबर अपराधों से सतर्क रहे, यातायात नियमों का पालन करे और स्वयं के साथ दूसरों को भी जागरूक बनाए।उन्होंने किशोरावस्था में सही निर्णय लेने के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यह समय शिक्षा, व्यक्तित्व निर्माण और भविष्य की मजबूत नींव तैयार करने का है। जल्दबाजी या भावनाओं में लिए गए फैसले भविष्य को प्रभावित कर सकते हैं। विद्यार्थियों को प्रतिदिन समाचार-पत्र पढ़ने, सामान्य ज्ञान बढ़ाने और देश-दुनिया की जानकारी रखने की भी सलाह दी गई।पुलिस अधीक्षक ने विवाह की कानूनी आयु, नाबालिगों से जुड़े कानूनी प्रावधानों और परिवार की जिम्मेदारियों पर भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कम उम्र में गलत निर्णय न केवल परिवार बल्कि युवाओं के भविष्य और शिक्षा पर भी गंभीर प्रभाव डाल सकते हैं।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, नशे के दुष्परिणाम, पुलिस की कार्यप्रणाली, Zero FIR, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा हेल्पलाइन नंबरों से जुड़े कई सवाल पूछे। पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रश्नों का सरल और व्यावहारिक उदाहरणों के साथ उत्तर देते हुए विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।साइबर सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए विद्यार्थियों को ओटीपी, पासवर्ड और बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करने, संदिग्ध लिंक से बचने तथा साइबर ठगी की स्थिति में 1930, आपातकालीन सहायता के लिए 112 और बाल सहायता के लिए 1098 हेल्पलाइन का उपयोग करने की जानकारी दी गई कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य श्री के.के. द्विवेदी, विद्यालयीन स्टाफ, सूबेदार श्री आशीष तिवारी एवं प्रधान आरक्षक आशीष बागरी सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
News Point 24×7