मध्यप्रदेश सिंगरौली
दिनांक -21/9/2026
रिपोर्ट -सतीश दुबे -शत्रुघ्न कुमार

पुलिस अनुसार अभियुक्त के कब्जे से डकैती में लूटे गए हिस्से का 15.33 ग्राम सोना 3,500 रुपये नगद बरामद
मध्यप्रदेश। सिंगरौली जिले के जयंत चौकी अंतर्गत जयंत गोल मार्केट स्थित कंचन ज्वेलर्स में 17 सितंबर को हुई सनसनीखेज हथियारबंद डकैती के मामले में सिंगरौली पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। मध्यप्रदेश के सिंगरौली और झारखंड के गढ़वा पुलिस की संयुक्त अंतरराज्यीय कार्रवाई में डकैती के चौथे अभियुक्त सोनू उर्फ शाबिर अंसारी को गिरफ्तार किया गया है।
अभियुक्त के पास से डकैती में लूटे गए हिस्से का 15.33 ग्राम सोना और 3,500 रुपये नगद बरामद किया गया है।
17 सितंबर की शाम करीब 5 बजकर 55 मिनट के करीब मस्जिद तिराहा जयंत के पास स्थित कंचन ज्वेलर्स में हथियारबंद बदमाशों ने घुसकर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी लूट लिया था और फायरिंग करते हुए फरार हो गए थे। घटना के बाद आईजी रीवा जोन गौरव राजपूत, डीआईजी रीवा हेमंत चौहान के मार्गदर्शन में एसपी सिंगरौली षियाज के एम के नेतृत्व में 10 अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कर विभिन्न राज्यों में रवाना की गई थीं। पुलिस अनुसार अबतक तीन अभियुक्त पकड़े गए हैं। पूर्व में सिंगरौली पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पीछा करते हुए दो अभियुक्तों लकी कुमार पासवान और अनुराग कुमार चन्द्रवंशी को अनपरा बस्ती के पास से पकड़ा था, जो बाइक से भागते समय गिरकर घायल हो गए थे। इनके पास से 1 अपाचे बाइक, 180.7 ग्राम सोने के जेवरात, 205.410 ग्राम चांदी और 54,200 रुपये नगद बरामद हुए थे। तीसरा अभियुक्त रोशन कुमार निवासी चिलकटांड़, थाना शक्तिनगर सोनभद्र उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्रवाई में पकड़ा गया था। उससे पूछताछ में सोनू उर्फ शाबिर और शमशाद अंसारी का नाम सामने आया था।
गढ़वा पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई में चौथा अभियुक्त गिरफ्तार रोशन से मिली जानकारी के बाद सिंगरौली पुलिस ने गढ़वा पुलिस से समन्वय किया। एसडीपीओ बंशीधर नगर सत्येंद्र नारायण सिंह और सिंगरौली पुलिस की संयुक्त टीम ने 19.9.2026 को अभियुक्त सोनू उर्फ शाबिर अंसारी उम्र करीब 29 पुत्र उसमान मियां, निवासी ग्राम पतिहारी, थाना विशुनपुरा, जिला गढ़वा झारखंड को गिरफ्तार किया। पुलिस अनुसार जांच में सामने आया कि गिरोह सिर्फ ज्वेलर्स डकैती में ही नहीं, बल्कि झारखंड में बाइक लूट में भी शामिल था। आरोपी की निशानदेही पर गढ़वा जिले के रंका और हरिहरपुर ओपी क्षेत्र में 12 और 13 सितंबर को लूटी गई रोनिन मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस विज्ञप्ति अनुसार अभियुक्त सोनू उर्फ शाबिर के खिलाफ पहले से कई गंभीर मामले दर्ज हैं । पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी शमशाद अंसारी सहित अन्य सदस्यों की तलाश के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
News Point 24×7
News Point 24×7